back to top

कश्मीर की हिंदू सभ्यता का पतन और विस्थापन

नमस्ते शारदे देवि काश्मीरपुरवासिनि ।

त्वामहं प्रार्थये नित्यं विद्यादानं च देहि मे ॥

“हे कश्मीर नगरी में निवास करने वाली देवी शारदा! मैं आपको नमस्कार करता हूं. मैं आपसे हर रोज प्रार्थना करता हूं कि आप मुझे विद्या और ज्ञान का दान दीजिए.” 

इस श्लोक की स्तुति आदि शंकराचार्य ने अपनी भारत भ्रमण की यात्रा के दौरान शारदा पीठ (माता सरस्वती के मंदिर) में मां शारदा के लिए की थी. यह श्लोक केवल कश्मीर के भूगोल का परिचय नहीं देता, बल्कि अपने अंदर समेटे हुए गहरे एक खंडित इतिहास की बानगी भी पेश करता है; वह भूमि जिसे पवित्र होने के साथ-साथ विद्या की भूमि भी है.

कश्मीर पर लिखे गए विमर्श का अधिकांश हिस्सा दो धड़ों का निर्माण करता है: एक तरफ कश्मीर को भूभाग, सुरक्षा और कूटनीति के विचारों की अधिकता को प्राथमिकता देता है वही दूसरा खेमा कश्मीरी पंडितों के विस्थापन को एक मानवीय त्रासदी की तरह प्रस्तुत करता है. दोनों के अपने-अपने तर्क है, लेकिन एक व्यापक प्रश्न पीछे छूट जाता है जो उत्तर ढूंढता है कि एक समुदाय जब विस्थापित होता है तो उसके साथ क्या-क्या चला जाता है?

कश्मीर में जो उजाड़ा गया उसे हम 1989 तक सीमित करके इतिहास के साथ अन्याय के रूप में देखते हैं. यह सैकड़ों सालों से एक लंबी ऐतिहासिक प्रक्रिया के तहत किया गया, जो कभी तेज हुई, कभी थमी और कभी कुछ समय के लिए उलटी भी. कश्मीर में ज्ञान परंपरा की व्यवस्था थी और इसे तीन परतों में तोड़ा गया. पहली परत पत्थर की थी जो अपने अंदर मंदिर, तीर्थ और पूजा पद्धति के माध्यम को समाहित करती थी. दूसरी परत पाठ की है : लिपि, पांडुलिपि, भाषा और वह परंपरा जो इन्हें आगे बढ़ाती थी. तीसरी परत जो इन्हें शारीरिक रूप से रोज जीती थी – पहचान के रूप में. हम अक्सर तीसरी परत की बात करते है ; कभी-कभी पहली परत पर गाहे-ब-गाहे चर्चा हो जाती है, दूसरी परत हमारी स्मृतियों से गायब ही रहती है, जो एक सभ्यता की ध्वज वाहक होती है.

आठवीं सदी से पहले : सतीसर से शारदा देश तक

कश्मीर का सबसे प्राचीन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक ग्रंथ ‘कश्मीर माहात्म्य’ कहे जाने वाले ‘नीलमत पुराण’ के अनुसार कश्मीर घाटी कभी सतीसर नाम की झील थी – जिसमें से जलोद्भव नामक दानव को जल से निकाला गया और ऋषि कश्यप ने कश्मीर को बसाया. भूवैज्ञानिकों के अनुसार भी कश्मीर घाटी कभी बहुत बड़ी झील थी, जिससे ज्ञात होता है की यहां स्मृति और भूगोल एक दूसरे के पूरक है. नीलतम पुराण में नागो की उपासना, नदियों झरनों की पवित्रता के जिस संसार का वर्णन मिलता है, उसकी झलक आज भी अनंतनाग और वेरीनाग जैसे नामो में दिखती है. कल्हण के अनुसार सम्राट अशोक ने श्रीनगरी बसाई और शिव के मंदिर बनवाये और साथ ही बौद्ध विहारों को संरक्षण दिया. शैव और बौद्ध परंपराएं साथ-साथ चलती रहीं. राजतरंगिणी में ही कुषाण राजाओं के नाम आते है, जिन्होंने वहां बौद्ध धर्म का विस्तार किया. बौद्ध परंपरा कनिष्क के काल में हुई चौथी बौद्ध संगीति को भी कश्मीर से जोड़ती है.

आठवीं सदी आते-आते कश्मीर में नए राजनैतिक समीकरण बने. राजतरंगिणी में वर्णित है कि सातवीं सदी के शुरुआत में दुर्लभवर्धन ने कर्कोट वंश की नींव रखी, इसी वंश के राजाओ ने कश्मीर को एक क्षेत्रीय शक्ति बनने में योगदान दिया. कल्हण यह भी बताते है कि श्रीनगर को प्रवरपुर के नाम से भी जाना जाता था, जिसे राजा प्रवरसेन द्वितीय ने बसाया. ललितादित्य के मंदिरो की निर्माण-परंपरा से पहले भी कश्मीर में राजतंत्र प्रणाली, विहार, तीर्थ और नगरों की लंबी परंपरा थी. आठवीं सदी तक कश्मीर अपने वैभव के पूर्ण रूप में था, जो इन्ही पुरानी परतों पर खड़ा था.

कश्मीर भारतीय भौगोलिकता के पैमाने से इतर, एक समृद्ध और प्राचीन सांस्कृतिक केंद्र के रूप में रहा है. प्राचीन काल से लेकर मध्यकाल तक शारदा देश के रूप में भारतीय दर्शन, शिक्षा, साहित्य और धार्मिक चिंतन का सनातन परंपरा के मुकुट के रूप में एक मजबूत स्तम्भ रहा हैं. हिमालय की गोद में स्थित यह भूभाग शारदा देश के रूप में जाना गया, जहां ज्ञान, साधना, दर्शन और संस्कृति का अद्वितीय संगम विकसित हुआ.

ज्ञान, सभ्यता की राजधानी : आठवीं सदी से बारहवीं सदी तक

अगर हम आठवीं सदी में सूर्य देवता के लिए बनवाये गए मार्तण्ड मंदिर की परिकल्पना करें तो, 84 देवालयों से घिरी मंदिर की संरचना से पूरी घाटी सामने फैली दिखती थी. कल्हण के अनुसार इसे राजा ललितादित्य मुक्तापीड़ ने बनवाया. मार्तण्ड सूर्य का ही एक नाम है, इस मंदिर को पांडवो के घर की भी संज्ञा भी दी गयी. मंदिर के पास एक झरना बहता है, जहां कश्मीरी पंडित अपने पितरों का तर्पन करते है और इसी वजह से वहां की पवित्र मछलियां पकड़ी नहीं जाती. आज मंदिर खंडहर है, एएसआई की एक संरक्षित स्मारक. जब भी मंदिर में पूजा होती है तो वह आजकल मुख्य सुर्खी बन जाती है.

कश्मीर भारतीय सभ्यता से गहराई से जुड़ा हुआ है, इसका विवरण प्राचीन ग्रंथो और ऐतिहासिक साक्ष्यों से स्पष्ट होता है. नौवीं सदी में उत्पल वंश के राजा अवन्तिवर्मा ने जुड़वां मंदिर बनवाये- अवंतीस्वामी मंदिर (विष्णु), अवंतीश्वर( शिव). अभिनवगुप्त जैसे दार्शनिकों के योगदान और शारदा लिपि और शारदा पीठ  जैसे ज्ञान केंद्र, कश्मीर की शैव दर्शन परंपरा कश्मीर को ना कि एक धार्मिक स्थल के रूप में प्रतिपादित करते है बल्कि एक महत्त्वपूर्ण बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रयोगशाला भी सिद्ध करते है.

नौवीं सदी में आनंदवर्धन ने जो कि उत्पल वंश के एक बड़े विद्वान् थे, उन्होंने ”ध्वन्यालोक” में काव्य की आत्मा को ध्वनि कहा और एक नया सिद्धांत को आकार दिया. ग्यारहवीं सदी में मम्मट का काव्यप्रकाश आया जिसे आज भी संस्कृत काव्यशास्त्र की एक मूल पाठ्यपुस्तक माना जाता है. क्षेमेन्द्र ने औचित्य और व्यंग्य का विचार, और सोमदेव ने कथासरित्सागर लिखकर कश्मीर की संस्कृत ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाया. कल्हण की राजतरंगिणी ने भारतीय इतिहास को एक अलग नज़रिया देकर दुर्लभ ग्रंथों में गिनी गई. 

इस दौर में घाटी की सबसे मौलिक देन कश्मीर शैव दर्शन है. जब भारत में शंकराचार्य द्वारा प्रचारित अद्वैत वेदांत का दौर था, तब कश्मीर घाटी ने एक अलग दर्शन देकर भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाया. विरासत के अनुसार नौवीं सदी में ऋषि वसुगुप्त को स्वप्न में शिव ने शिवसूत्र का पता बताया, जो महादेव पर्वत की एक शिला पर अंकित था. शैव दर्शन की परंपरा को वसुगुप्त, सोमानंद, उत्पलदेव और क्षेमराज ने समृद्ध किया और मुख्य रूप से अभिनवगुप्त ने उसे आयाम पर ले जाकर तंत्रालोक और अभिनवभारती पुस्तकों के ज़रिए साधना और नाटक में भावुकता के आध्यात्मिक पैमाने पर बात की. इसका मुख्य भेद सरल और गहरा दोनों है : विचार कहता है कि मुक्ति कही बाहर से नहीं मिलती, अपनी चेतना को पहचानना ही इसकी खोज है. इसे प्रत्यभिज्ञा भी कहा गया, जिसका तात्पर्य है फिर से पहचानना.

अद्वैत वेदांत से इसका मूल अंतर है कि यहां जगत माया का भ्रम नहीं है; वह शिव की स्वतंत्र शक्ति (स्वातंत्रय) का वास्तविक प्रकाश है. बल्कि शिव की भक्ति को स्वतंत्र प्रकाश माना गया है. इसी वजह से ये कला, काव्य और नाट्य से बहुत भावुक तरीके से जुड़ जाता है. इस प्रकार एक ही बौद्धिक परिवेश में दर्शन, साधना और सौंदर्यशास्त्र एक दुसरे के पूरक के रूप में काम करते है.

अभिनवगुप्त (975-1025 ईस्वी) ने इस परंपरा को शिखर पर पहुंचाया. उन्होंने तंत्रालोक लिखकर साधना विमर्श का पूरा ढांचा खड़ा किया और अभिनवभारती ग्रन्थ में समझाया कि मनुष्य के भीतर पहले से मौजूद सुप्त स्थायी भाव ही कला (नाटक/काव्य) को देखकर रस के रूप में जागृत या अभिव्यक्त होते हैं. यहां का धार्मिक जीवन केवल कर्मकांड तक सीमित नहीं था, बल्कि वह आत्मचिंतन और बौद्धिक संवाद पर आधारित था. मंदिर, तीर्थ और सांस्कृतिक स्थल कश्मीर के सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा थे और वे सभ्यता के भौतिक प्रतीक के साथ-साथ उसकी वैचारिक चेतना को भी व्यक्त करते थे.

इस ज्ञान परंपरा को संजोने वाली लिपि शारदा थी, जो आठवीं सदी के आसपास विकसित हुई. कश्मीर में लिखी गई अधिकतर संस्कृत पांडुलिपियां और कश्मीर शैव दर्शन के कई महत्वपूर्ण ग्रन्थ इसी लिपि में लिखे गए. नियंत्रण रेखा से सीमापार शारदा पीठ, जो नीलम घाटी में स्थित है वह इसका केंद्र था जो आज खंडहर बन गई है. ‘शारदा देश’ केवल कश्मीर की भौगोलिक पहचान नहीं थी. परंपरा में कश्मीर को सरस्वती का निवास माना गया है और शारदा पीठ को ‘सर्वज्ञ पीठ’ की संज्ञा मिली- मान्यता है जो इस पीठ पर बैठता है, उसे सर्वज्ञ माना जाता है.

पहली परत- मंदिर कैसे टूटे?

कश्मीर के मंदिर केवल तीर्थ की परिभाषा नहीं थे बल्कि एक पवित्र भूगोल को भी अपने अंदर समाहित करते थे. नीलतम पुराण में वितस्ता (झेलम) को देवी पार्वती का रूप कहा गया और इसके उद्गम की मान्यता है कि शिव जी के त्रिशूल से इसका उद्गम फूटा. गांदरबल के तुलमुल में राज्ञा देवी का मंदिर है, जहा पर भक्त ज्येष्ठा अष्टमी के दिन खीर चढ़ाते है और इसी वजह से उसे खीर भवानी मंदिर कहा जाता है. अमरनाथ गुफा की भी लोककथा है कि यहां शिव जी ने पार्वती जी को अमर कथा सुनाई. जल, पर्वत और देवी का यह त्रिकोण कश्मीर को मंदिरो की दीवारों से बाहर निकलकर, पूरे भूगोल की पवित्रता की बानगी पेश करता है. इसलिए जब मंदिर गए तो कश्मीर की स्मृति पर चोट पड़ी, जिससे संघर्ष आज तक जारी है.

मंदिरों पर सबसे बड़ा प्रहार सुल्तान सिकंदर (1389–1413 ईस्वी) के राज में हुआ और इसी वजह से उसे बुतशिकन यानी मूर्तियां तोड़ने वाला कहा जाता है. द्वितीय राजतरंगिणी के रचयिता जोनराज के अनुसार बुतशिकन के वक़्त में ऐसा कोई देवालय या मंदिर नहीं बचा जो साबुत रहा हो. यह विवरण किसी विरोधी ने नहीं लिखा बल्कि उस दरबार के संस्कृत कवि ने ही दिया है, जो आधी सदी बाद ज़ैनुल आबिदीन सुल्तान के संरक्षण में था.

मध्यकालीन समय में सत्ता और धर्म के गठजोड़ की वजह से धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन में असंतुलन पैदा किया. इस दौर में होने वाले सामाजिक परिवर्तन स्वाभाविक परिवर्तन के नियम की परिपाटी से अलग थे, बल्कि वे राजकीय संरक्षण, प्रशासनिक हस्तक्षेप और सामाजिक दवाब के सहारे आगे बढ़ाये गए. कल्हण द्वारा लिखी गई राजतरंगिणी से ये स्पष्ट होता है कि कश्मीर में हिंदू परम्पराएं सामाजिक जीवन का केंद्र रही है और कश्मीर की सभ्यतागत जड़ों को समझने का आधार प्रदान करता है.

कश्मीर की चेतना को लुप्त करने के लिए मंदिरों और तीर्थों को नुकसान पहुंचाया गया, धार्मिक संस्थाएं कमज़ोर की गई, कर- प्रणालियों के माध्यम से भेदभाव को संस्थागत रूप दिया गया और धर्मांतरण बल और प्रलोभन के द्वारा जारी रहा. आज के वक़्त में कश्मीर के हिन्दू तीर्थ, मंदिर, मेले पर होने वाली भीड़ अखबारों के प्रथम पृष्ठ की खबर बन जाती है.

सिकंदर के बाद गद्दी पर बैठेने वाले ज़ैनुल आबिदीन, जिसे महान सुल्तान कहा जाता था, का नज़रिया कश्मीर की भूमि के लिए अलग रहा – उसने जज़िया कर हटाया, गोवध पर रोक लगाई, पलायन कर चुके पंडितों को वापस बुलाने का प्रयास किया और संस्कृत विद्वानों का संरक्षण किया. बाद की सदियों में ये चक्र फिर लौटा. चक, मुग़ल और अफ़ग़ान शासन में यह प्रक्रिया बदस्तूर जारी रही. जबरदस्ती धर्मांतरण के ख़िलाफ़ पंडितो ने जब गुरु तेग बहादुर से गुहार लगाई तो औरंगज़ेब ने उन्हें दिल्ली में मौत के घात उतार दिया. ऐसा ही मुश्किल वक़्त अफ़ग़ान राज में झेलना पड़ा. सिख और डोगरा साम्राज्य में पंडितों को राजकीय संरक्षण मिला.

दूसरी परत : पाठ

पाठ की परत सबसे धीमी टूटी. जिन संस्थाओं में संस्कृत पढाई जाती थी वे मंदिर और राजकीय संरक्षण पर निर्भर थी, संरक्षण घटने से शारदा लिपि का दायरा भी कम होने लगा. सुल्तानी काल से फ़ारसी राजदरबार की भाषा बन गई और मुग़ल दौर आते-आते वह पूरी तरह स्थापित हो गई. इसका परिणाम यह हुआ कि संस्कृत, शास्त्र और शारदा लिपि बस घरो तक और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित रह गई. इस परत की सबसे मार्मिक विडम्बना थी कि एक यूरोपियन विद्वान जॉर्ज ब्यूलर ने 1875 में अपनी यात्रा में शारदा लिपि में भोजपत्र पर लिखी पांडुलिपियां ढूंढ निकाली, जिनमें बिल्हण की विक्रमांकदेवचरित भी थी. इतनी श्रेष्ठ पुस्तकों का दबा रहना एक सभ्यता के लिए बड़े दुर्भाग्य की बात थी. आज भी बहुत निम्न स्तर पर शारदा लिपि कश्मीरी पंडितो द्वारा प्रयोग में ली जाती है और कुछ शोधकर्ता उसे शैव दर्शन और तंत्र के ग्रंथो को पढ़ने के लिए इसका उपयोग करते है.

पाठ केवल लिखित ग्रन्थ नहीं थे बल्कि उस परंपरा के साथ बहने वाले गुरु -शिष्य परंपरा, भाषा और शास्त्रार्थ की जीवंत परंपरा का समागम थे. लिपि का मुख्यधारा से गायब रहने से पांडुलिपियां बस एक वस्तु बनकर रह जाती है – क्योंकि पढ़ने वाला न रहे तो उसे संरक्षित करने वाले भी उसे बचा नहीं पाते.

फ़ारसी – अरबी लिपि आज कश्मीरी भाषा की मुख्य लिपि बन गयी है, वही शारदा लिपि आज हाशिये और लुप्त होने के कगार पर है. आज विस्थापन के कारण सीमित संख्या में बचे कश्मीरी हिंदू समुदाय को अपनी भाषा को नई पीढ़ी में हस्तांतरित करना बड़ा ही बमुश्किल काम है. जब पाठ, लिपि और भाषा तीनों ही दबाव में हैं, तो बस मंदिरों के सहारे इसे नहीं बचाया जा सकता.

तीसरी  परत – पहचान: मौन प्रतिरोध से 1990 तक

इस वक़्त कश्मीर का हिंदू समाज केवल संख्या के स्तर पर ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक दायरे में भी हाशिये पर धकेल दिया गया है. जिन मंदिर, तीर्थों, और धार्मिक स्थलों ने कश्मीर की चेतना को आकार दिया, या तो वे नष्ट कर दिए गए या उनके महत्व को संस्थागत तरीके से सीमित कर दिया गया. फिर भी यह सभ्यता पूरी तरह ख़त्म नहीं हुई, संघर्ष और विवेक से भरे प्रतिरोध की वजह से परम्परायें निजी जीवन और सामाजिक दायरों में सहेजकर रखी गई. यह संरक्षण किसी खुले संघर्ष के रूप में नहीं, बल्कि एक शांत और मौन प्रतिरोध के रूप में सामने आया—जहां सभ्यता खुलकर स्वयं को व्यक्त नहीं कर सकती थी, लेकिन पूरी तरह मिट भी नहीं सकी.

पहचान का सबसे सघन रूप कश्मीरी पंडितो के ऋतु-चक्र में देखा जा सकता है. नवरेह (कश्मीरी पंडित नववर्ष), हेराथ (फाल्गुन की महाशिवरात्रि), ज्येष्ठा अष्टमी पर खीर भवानी का मेला और पूरे वर्ष की गतिविधियों को निर्देशित करने वाला स्थानीय पंचांग. कुलदेवी परंपरा विचार हर परिवार को एक विशिष्ट अनुष्ठान और तीर्थ से जोड़ता था. ये उत्सव भाषा, भोजन, लोक परंपरा और सामूहिकता की पहचान थे. यह ऋतु-चक्र बस लोकाचार नहीं है, बल्कि संस्कृति का जीवित पाठ है. नीलतम पुराण में भी अनेक उत्सवों और विधियों का उल्लेख मिलता है और बहुत से रीती-रिवाज पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ते है.

आधुनिक काल में कश्मीर के औपनिवेशिक काल और स्वतंत्र भारत की राजनीति के इतिहास में उसे मुख्यतः एक रणनीतिक और राजनीतिक प्रश्न के रूप में देखा गया. इस प्रक्रिया में मध्यकाल में हुई सभ्यतागत दमन और धार्मिक दमन को मुख्यधारा के विमर्श से गायब कर दिया गया. 20वीं शताब्दी के अंत में कश्मीरी हिंदुओं का विस्थापन इस लंबी ऐतिहासिक सामाजिक कटुता के रूप में सामने आया – जिसे जिहाद का नाम देकर कश्मीर में बची-खुची सभ्यतागत निरंतरता भी भौतिक रूप से उस भूमि से बाहर चली गई, जिसने कभी उसे जन्म दिया था. बर्बर अत्याचार और मज़हबी उन्माद की वजह से लाखों हिंदुओं के नस्लीय नरसंहार को जन्म दिया.

14 सितंबर, 1989 को भाजपा नेता टीका लाल टपलू की हत्या कर दी गई. नवंबर 1989 में न्यायमूर्ति नीलकंठ गंजु की हत्या हुई, गिरिजा टिक्कू की नृशंस हत्या का उद्धरण हमारे सामने है. ये कोई आम घटना नहीं थी, बल्कि एक समाज, धर्म और सभ्यता के अस्तित्व को मिटाने की सुनियोजित साजिश थी. मस्जिदों से हिंदुओं को घाटी छोड़ने की धमकियां दी गई और मूलनिवासी कश्मीरी मुसलमान को बेदाग़ बताने के लिए, इसे सीमापार से आए आतंकवादियों पर थोपा गया. “रलिब, गालिब, चलिब (धर्म बदलो, मर जाओ, भाग जाओ)” के नारे कश्मीर घाटी में आम हो गए. जनवरी 1990 से कश्मीरी पंडितों का सदियों से चलने वाला एक और विस्थापन (सुल्तान और अफ़ग़ान काल सहित सात बार) का दौर शुरू हुआ.

इसी विस्थापन का दंश झेलने वाले 44 हजार परिवारों की संख्या सरकारी आंकड़ों में दर्ज है. एक समुदाय कुछ महीनो में ही अपनी सींची हुई मातृभूमि से निकाल दिया गया और वापसी की कोशिशों पर आज भी उन्हें धमकियां मिलना जारी है. अलग-अलग स्त्रोतों में विस्थापितों के आंकड़ों पर मतभेद है लेकिन राजनीतिशास्त्री एलेग्जेंडर इवांस के अनुसार 95 प्रतिशत आबादी 1990 में घाटी छोड़ चुकी थी- जिसका आंकड़ा डेढ़ लाख के करीब है.

जम्मू के शरणार्थी शिविरों की कहानी आंकड़ों की बजाय व्यक्तिगत ब्योरों में ज्यादा दर्ज है. जिन परिवारों के पास घाटी में बाग़-बगीचे, बड़े-बड़े घर थे, वो एक-एक कमरे के मकानों में रहने को मजबूर थे. सांस्कृतिक चोट और ज्यादा गहरी थी, जो सभ्यता पंचांग, झेलम, खीर-भवानी और अपने कुल देवता से बंधी थी, वही पर्व अब उन्हीं अपरिचित ज़मीन और मौसम में मनाने पड़े. यही तीसरी परत का टूटना है: पहले भाषा और रीति को कमज़ोर किया गया, फिर पहचान को गहरी चोट लगी.    

खंडहर, विलुप्त सभ्यता और वापसी का इंतजार

कश्मीर के प्रश्न को लंबे समय तक केवल राजनैतिक और वर्ग संघर्ष के चश्मे से देखा गया, उसमें स्मृति और सभ्यता का सवाल हाशिए पर रहा. कश्मीर की समस्या को इस चश्मे से देखने की वजह से ही भारतीय बुद्धिजीवी वर्ग ने उग्रवादी कट्टरपंथ और पाकिस्तान द्वारा पोषित छद्म आतंकवाद को बढ़ावा दिया है. इसी का परिणाम हाल में हुई पहलगाम हमले की समाज को झकोरने वाली घटना थी, जिसमें धर्म पूछ कर गैर – इस्लामिक धर्मी पुरुषों को गोली मार दी गई.

इतना विस्थापन झेलने के बाद, मंदिरों की पूजा बस प्रतीकात्मक रह गई.  कश्मीरी पंडित संघर्ष समिति के 2009 के एक सर्वेक्षण के मुताबिक घाटी में पूजा- स्थलों की संख्या 1842 थी, जिसमें से अधिकतर आज खराब हालात में है. अवन्तिपुर के मंदिर आज खंडहर है, वही मार्तण्ड मंदिर एक संरक्षित खण्डर है, जहां 2022 में प्रशासन और एएसआई के बीच विवाद हुआ. सीमा पार नीलम घाटी में शारदा पीठ की यात्रा 1948 से बंद है.

सितंबर 2026 में 36 वर्षों बाद हब्बा कदाल स्थित शीतलनाथ मंदिर खुला. इस मंदिर को भी आतंकवादियों ने 1990 के दशक में आग के हवाले किया था. वापसी का सवाल बस मंदिरों का नहीं है, ज़मीन और घरों का भी है. जब कश्मीरी पंडितों ने कश्मीर छोड़ा तो उसके बाद स्थानीय लोगों ने उनकी ज़मीन और घरों पर कब्ज़ा कर लिया.

इंडियन एक्सप्रेस की 2022 एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले पांच सालों में 610 प्रवासियों को अपनी ज़मीन वापस मिली है. वही प्रधानमंत्री पैकेज 2008 और 2025 के तहत 6000 सरकारी नौकरियों की व्यवस्था की गई है. लेकिन यक्ष प्रश्न वही है कि वर्तमान हालात में क्या वापस लौटना कश्मीरी पंडितों के लिए सुरक्षित है. हर पल डर के साये में रहना और वहां नौकरी करना कितना कारगर है. आए दिन आतंकवादियों से मिलती धमकियां और गैर प्रवासियों पर होते हमले वहां के असुरक्षित माहौल को दिखाते है.

1990 तक आते-आते एक समुदाय का घर नहीं छूटा, सदियों से कमज़ोर की जा रही एक सभ्यता की ज्ञान-व्यवस्था की अंतिम दीवार भी ढह गई. पत्थर चला गया तो तीर्थ की स्मृति भी पीछे छूट गई, पथ गया तो पाण्डुलिपि केवल पुष्तकालयों और संग्रहालयों की वास्तु बन कर रह गई और पहचान जाती है तो उसके साथ जुड़े सभी आयाम जैसे कि त्यौहार, भाषा, भोजन भी चले जाते हैं.

अंतिम में फिर उसी श्लोक पर लौटना होगा जिससे बात शुरू हुई थी – “विद्यादानं च देहि मे”. यह प्रार्थना केवल भूमि के लिए नहीं है, विद्या के लिए भी थी. शारदा देश का मूल अर्थ यही था कि जिस भूमि की पवित्रता मंदिरों के साथ-साथ पढ़ने और पढ़ाने की परंपरा में बसती थी.

संदीप भारद्वाज
संदीप भारद्वाज
संदीप भारद्वाज समाज कार्य विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय में पीएचडी के छात्र है.